रुड़की में खेलों का नया अखाड़ा तैयार, HRDA स्पोर्ट्स कांप्लेक्स शुरू!
**बच्चों को बैडमिंटन की ट्रेनिंग, आसान EMI पर जिम की सुविधा; खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच** **सिटी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का संचालन शुरू, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुल्क में विशेष छूट**
हरिद्वार/रुड़की विशेष संवाददाता | आसिफ खान
**रुड़की।** शहर में खेल और फिटनेस को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा कदम सामने आया है। रुड़की के नवनिर्मित **HRDA सिटी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स** का संचालन शुरू हो गया है। कांप्लेक्स में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी जारी है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस परिसर में जिम और बैडमिंटन के साथ बच्चों के प्रशिक्षण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
सबसे खास बात यह है कि जिम की सालाना सदस्यता **15,500 रुपये** निर्धारित की गई है, जिसे बिना ब्याज के **1,291 रुपये प्रतिमाह की आसान EMI** में लिया जा सकता है। वहीं बैडमिंटन के लिए सालाना शुल्क **18,000 रुपये** रखा गया है और इसे **1,500 रुपये प्रतिमाह** की किश्त में दिया जा सकता है। इसके अलावा एक माह, तीन माह और छह माह के अलग-अलग प्लान भी लागू किए गए हैं।
**बच्चों की बैडमिंटन ट्रेनिंग पर विशेष जोर**
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में शुरू की गई बैडमिंटन एकेडमी में **स्कूली बच्चों को प्राथमिकता** दी गई है। कांप्लेक्स का संचालन कर रही कंपनी ब्ल्यू स्ट्रेक फिटनेस के प्रबंधक **रामानुज पांडेय** ने बताया कि बैडमिंटन की शुरुआत करने वाले बच्चों के लिए शाम **चार बजे से सात बजे तक तीन शिफ्ट** संचालित होंगी।
प्रोफेशनल ग्रुप के बच्चों के लिए **दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक दो शिफ्ट** रहेंगी। सामान्य लोगों के लिए सुबह **पांच बजे से दोपहर दो बजे तक** तथा शाम **सात बजे से रात 11 बजे तक** प्रशिक्षण और उपयोग की शिफ्ट उपलब्ध रहेंगी।
**विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए निशुल्क प्रशिक्षण**
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स की पहल में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को भी शामिल किया गया है। प्रबंधक रामानुज पांडेय के अनुसार सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए **निशुल्क कोचिंग और अन्य सुविधाएं** उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके लिए टीम स्कूलों में जाकर ट्रायल लेगी। चयनित बच्चों को प्रशिक्षित कोच के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें **निशुल्क कोचिंग, ड्रेस और खेल उपकरण** उपलब्ध कराने की बात कही गई है। उद्देश्य चयनित प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण का अवसर देना है।
**सुरक्षा व्यवस्था भी हाईटेक**
कांप्लेक्स में सुरक्षा को लेकर भी आधुनिक व्यवस्था की गई है। परिसर में प्रवेश **बायोमेट्रिक सिस्टम** के जरिए होगा। पूरे परिसर की निगरानी के लिए सर्विलांस सिक्योरिटी और हाई रिजॉल्यूशन कैमरों की व्यवस्था की गई है।
महिलाओं के लिए अलग **चेंजिंग रूम** बनाया गया है। परिसर के भीतर ही पार्किंग एरिया भी उपलब्ध कराया गया है। आधुनिक जिम उपकरण, बैडमिंटन प्रशिक्षण और सुरक्षा सुविधाओं के साथ तैयार यह परिसर रुड़की में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
**जिम के लिए निर्धारित शुल्क**
| अवधि | शुल्क | EMI प्रतिमाह |
|---|---|---|
| एक माह | ₹4,000 | कोई नहीं |
| तीन माह | ₹8,000 | ₹2,666 |
| छह माह | ₹12,000 | ₹2,000 |
| एक वर्ष | ₹15,500 | ₹1,291 |
**महिलाओं एवं 60 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के लिए जिम शुल्क**
| अवधि | शुल्क | EMI प्रतिमाह |
|---|---|---|
| एक माह | ₹3,000 | कोई नहीं |
| तीन माह | ₹6,000 | ₹2,000 |
| छह माह | ₹8,000 | ₹1,333 |
| एक वर्ष | ₹10,000 | ₹833 |
**बैडमिंटन—प्रतिदिन एक घंटे का शुल्क**
| अवधि | शुल्क | EMI प्रतिमाह |
|---|---|---|
| एक माह | ₹3,500 | कोई नहीं |
| तीन माह | ₹8,000 | ₹2,666 |
| छह माह | ₹13,000 | ₹2,166 |
| एक वर्ष | ₹18,000 | ₹1,500 |
**नोट:** बैडमिंटन एकेडमी ग्रुप के लिए एक माह की फीस **₹4,000** निर्धारित की गई है।
**बैडमिंटन एकेडमी शुल्क**
| अवधि | शुल्क | EMI प्रतिमाह |
|---|---|---|
| एक माह | ₹4,000 | कोई नहीं |
| तीन माह | ₹8,000 | ₹2,666 |
| छह माह | ₹13,000 | ₹2,166 |
| एक वर्ष | ₹18,000 | ₹1,500 |
**एक नजर में खास सुविधाएं**
* स्कूली बच्चों के लिए बैडमिंटन ट्रेनिंग * प्रोफेशनल ग्रुप के लिए अलग शिफ्ट * आधुनिक जिम सुविधा * आसान मासिक EMI विकल्प * महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए रियायती शुल्क * विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए निशुल्क कोचिंग की पहल * निशुल्क ड्रेस और उपकरण की सुविधा चयनित बच्चों के लिए * बायोमेट्रिक प्रवेश व्यवस्था * हाई रिजॉल्यूशन कैमरों से निगरानी * महिलाओं के लिए अलग चेंजिंग रूम * परिसर के भीतर पार्किंग की सुविधा
**खेल प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण का मंच देने की दिशा में HRDA स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का संचालन शुरू होना रुड़की के लिए एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।**