15 सितंबर 2026
रुड़की के गणेशपुर क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है… जहां सोमवार को एक युवक ने कथित तौर पर अपनी गर्दन पर चाकू से वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आखिर युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया? क्या था पूरा मामला? इन सवालों के जवाब फिलहाल सामने नहीं आए हैं। जानकारी के मुताबिक, गणेशपुर क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया। घटना के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस हरकत में आई और तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। युवक की हालत गंभीर देखते हुए पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया, बल्कि अपनी गाड़ी से उसे अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान एसएसआई दीप कुमार और कांस्टेबल प्रभाकर थपलियाल ने घायल युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। प्रारंभिक जांच में गर्दन की सांस की नली और नस कटने की बात सामने नहीं आई। हालांकि, युवक की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे निगरानी में रखा। बताया गया कि युवक काफी हरकत कर रहा था, जिसके बाद बेहतर उपचार के लिए उसे एम्स रेफर कर दिया गया लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर युवक ने अपनी जान जोखिम में डालने वाला यह कदम क्यों उठाया? घटना के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। गंगनहर कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। गणेशपुर की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।