रोडवेज बस अड्डे में टैक्सी स्टैंड देख भड़के जेएम
मौके पर ही लगाया फोन, बोले—तुरंत काटो बिजली कनेक्शन; अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश कुंभ निधि से चल रहे करीब एक करोड़ रुपये के कायाकल्प कार्य का निरीक्षण, निर्माण में देरी पर भी जताई नाराजगी
रुड़की संवाददाता | आसिफ खान
रुड़की। रोडवेज बस अड्डे के कायाकल्प कार्य में देरी और निर्माण की धीमी रफ्तार को लेकर बृहस्पतिवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस अड्डे की व्यवस्थाओं के साथ-साथ निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया गया। मौके पर अव्यवस्थाएं और अतिक्रमण देखकर जेएम का रुख सख्त नजर आया।
रोडवेज परिसर के बाहर टैक्सी यूनियन का कार्यालय और स्टैंड संचालित होता मिला तो ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को फटकार लगाते हुए नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं, जेएम ने मौके से ही ऊर्जा निगम के अधिकारियों को फोन कर कार्यालय का बिजली कनेक्शन तत्काल काटने के निर्देश दिए।
जेएम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक परिसर में नियम विरुद्ध कब्जे या अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बताया गया कि टैक्सी यूनियन के लिए अन्य स्थान भी उपलब्ध कराया गया है, इसके बावजूद रोडवेज परिसर के बाहर कार्यालय और स्टैंड संचालित किया जा रहा था। इस पर जेएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
धीमी गति पर भी जेएम की सख्ती
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने रोडवेज की कार्यशाला, परिसर और निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग की ओर से तैयार की गई डीपीआर का भी अवलोकन किया और अधिकारियों से अब तक हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्धारित मानकों और तकनीकी मानकों के अनुरूप ही कार्य कराया जाए। साथ ही कार्य की गति बढ़ाकर तय समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर दिया गया।
कुंभ निधि से हो रहा कायाकल्प
गौरतलब है कि रुड़की रोडवेज बस अड्डे का पिछले करीब छह माह से कुंभ निधि से प्राप्त लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प कराया जा रहा है। अब तक एक गेट का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे गेट का निर्माण कार्य जारी है। परिसर के अंदर कुछ मरम्मत कार्य भी पूरे किए जा चुके हैं।
हालांकि, कई कार्य अभी भी शेष हैं। अधिकारियों की ओर से अक्तूबर तक कायाकल्प कार्य पूरा होने की उम्मीद जताई गई है। जेएम ने निर्माण कार्य की रफ्तार बढ़ाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित मानकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।