ब्रेकिंग
ब्रेकिंग राजनीति

हर की पौड़ी पर गूंजा सेवा का संकल्प, हजारों दीपों से जगमगाई तीर्थनगरी

मां गंगा की आरती के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान का भव्य शुभारंभ, सतपाल महाराज ने की राष्ट्र व जनकल्याण की कामना 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान | हरिद्वार के घाटों से गांवों तक होंगे जनसेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रम

हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान

हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार गुरुवार को सेवा, आस्था और संकल्प के दीपों से रोशन हो उठी। ब्रह्मकुंड हरकी पौड़ी पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ उत्तराखंड सरकार के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम और ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान हरकी पौड़ी, मालवीय घाट, नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों पर हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की। गंगा घाटों पर दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी ने हरिद्वार की आध्यात्मिक छटा को और भव्य बना दिया।

मां गंगा के चरणों में राष्ट्र और जनकल्याण की प्रार्थना

प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान बद्रीनाथ और केदारनाथ से प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भविष्य यशस्वी रहे और वे देश की निरंतर सेवा करते रहें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से आमजन की सेवा और जनभागीदारी को केंद्र में रखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है। ‘आशीर्वाद का दीया’ से प्रारंभ यह अभियान 18 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनपद में आगे बढ़ेगा।

घाटों से गांवों तक सेवा का संदेश

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हरिद्वार जनपद के विभिन्न विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने इन कार्यक्रमों में भाग लेकर सेवा एवं जनकल्याण के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

अभियान के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्कूल-कॉलेजों में ‘मेरा सपनों का भारत’

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अभियान के तहत 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इसके साथ ही विकसित भारत-2047 तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।

नुक्कड़ नाटक से योजनाओं का होगा प्रचार

अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों और ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अभिभावकों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

लाभार्थियों की कहानी बनेगी प्रेरणा

‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियों को भाषण, चित्रकला और एनीमेटेड वीडियो के माध्यम से साझा किया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को समाज के सामने लाना है।

सेवा ज्योति कलश यात्रा से बनेगा माहौल

अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक कलश को प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिकों को स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान सहित विभिन्न समाजोपयोगी गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जनभागीदारी से मजबूत होगा सेवा अभियान

सतपाल महाराज ने कहा कि हरिद्वार की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, कार्यक्रम संयोजक एवं राज्य मंत्री सुनील सैनी, राज्यमंत्री नितिन गौतम, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, कोषाध्यक्ष अरविंद कुशवाहा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट, संदीप शर्मा, लव शर्मा, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित श्रीगंगा सभा, शांतिकुंज, आदर्श युवा समिति, दिव्य प्रेम सेवा मिशन, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185