ब्रेकिंग
ब्रेकिंग उत्तर प्रदेश

कैनविज के एमडी कन्हैया गुलाटी पर शिकंजा और कसा

23.50 लाख की धोखाधड़ी का एक और मुकदमा, केसों का आंकड़ा पहुंचा 99 निवेश पर मोटा मुनाफा और 22 माह में रकम दोगुनी करने का झांसा देने का आरोप कोर्ट के आदेश पर बिथरी चैनपुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

विशेष संवाददाता | आसिफ खान

बरेली। निवेशकों को मोटे मुनाफे और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की रकम जुटाने वाली कैनविज कंपनी के एमडी कन्हैया गुलाटी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। बिथरी चैनपुर क्षेत्र में कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुए ताजा मुकदमे में कन्हैया गुलाटी और उनकी पत्नी पर 23.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। इस मामले के सामने आने के बाद कन्हैया गुलाटी के खिलाफ दर्ज मुकदमों की संख्या 99 बताई जा रही है।

22 लाख निवेश, बेटे के भी लगवाए 1.50 लाख

मोहनपुर उर्फ रामनगर निवासी बादाम सिंह ने अदालत में शिकायत देकर आरोप लगाया कि गांव के लोगों के माध्यम से उनकी मुलाकात कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी से हुई थी। आरोप है कि कंपनी कार्यालय में कन्हैया गुलाटी और उनकी पत्नी ने निवेश पर बड़ा मुनाफा देने का भरोसा दिलाया।

शिकायत के मुताबिक, भरोसे में आकर बादाम सिंह ने अलग-अलग तारीखों में ऑनलाइन माध्यम से 22 लाख रुपये निवेश किए। इसके अलावा उन्होंने अपने बेटे के 1.50 लाख रुपये भी कंपनी में निवेश करा दिए। आरोप है कि कन्हैया गुलाटी ने गारंटी के तौर पर 11-11 लाख रुपये के दो चेक दिए और रकम को 22 माह में दोगुना करने का भरोसा दिलाया।

रकम मांगी तो धमकी देने का आरोप

बादाम सिंह का आरोप है कि कुछ समय बाद कन्हैया गुलाटी फरार हो गए। जब उन्होंने कंपनी के कार्यालय पहुंचकर अपनी रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद बिथरी चैनपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दोगुनी रकम के लालच से खड़ा किया गया निवेश का नेटवर्क

शिकायत और उपलब्ध विवरण के अनुसार, वर्ष 2007 में कैनविज नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी के माध्यम से लोगों से निवेश कराया गया। निवेशकों को तीन से चार वर्ष में रकम दोगुनी करने और मूलधन पर प्रतिमाह ब्याज मिलने का भरोसा दिए जाने का आरोप है। बड़ी संख्या में लोगों ने कंपनी में अपनी जमा पूंजी लगाई।

बाद में रियल एस्टेट में निवेश की योजना के नाम पर भी लोगों को जोड़ा गया। किसी को रकम दोगुनी करने तो किसी को कैनविज की कॉलोनियों में प्लॉट देने का भरोसा दिलाए जाने का आरोप है। निवेशकों का विश्वास बनाए रखने के लिए कुछ लोगों को जमा रकम का एक हिस्सा लाभांश के रूप में दिए जाने की बात भी सामने आई।

कंपनी बंद हुई तो सामने आया निवेशकों का संकट

पिछले वर्ष कंपनी बंद होने के बाद निवेशकों के सामने अपनी जमा पूंजी को लेकर संकट खड़ा होने का दावा किया गया। इसके बाद बरेली और आसपास के जिलों के साथ-साथ बिहार और झारखंड में भी कई मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई। मामले में बड़े पैमाने पर निवेशकों की रकम से जुड़े आरोपों के चलते प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत जांच किए जाने का भी उल्लेख है।

99 मुकदमे—अब जांच एजेंसियों की नजर

ताजा मुकदमे के बाद कन्हैया गुलाटी के खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या 99 पहुंचने की बात कही जा रही है। अब पुलिस ताजा मामले में निवेश की रकम, बैंक लेनदेन, चेक, कंपनी से जुड़े दस्तावेज और आरोपों की जांच कर रही है। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185