ब्रेकिंग
ब्रेकिंग राजनीति

कालसी के पौराणिक वैभव की वापसी का संकल्प अब धरातल पर: मुख्यमंत्री धामी!

यमुना घाट के प्रथम चरण का लोकार्पण, माता यमुना की मूर्ति का अनावरण

विकासनगर विशेष संवाददाता | आसिफ खान

विकासनगर | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ने कालसी क्षेत्र के पौराणिक और धार्मिक वैभव को पुनर्जीवित करने का जो संकल्प लिया था, वह अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। यमुना घाट के प्रथम चरण के कार्य का लोकार्पण और माता यमुना की मूर्ति का अनावरण क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने पहले कालसी-हरिपुर क्षेत्र की स्थिति देखी थी, तभी उन्होंने संकल्प लिया था कि इस ऐतिहासिक स्थल का पुराना गौरव वापस लौटाया जाएगा। आज उसी संकल्प के पूरा होने की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि हरिपुर कोई सामान्य स्थान नहीं है। यह वह पवित्र क्षेत्र रहा है, जहां से चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु यमुना स्नान के बाद अपनी यात्रा आगे बढ़ाते थे।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अशोक शिला और अश्वमेध स्थल जैसे ऐतिहासिक महत्व के स्थान मौजूद हैं। यमुना, टोंस और नोरा नदियों के संगम वाला यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

घाट, मंदिर और पर्यटन से खुलेगा रोजगार का रास्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं करने वाली सरकार नहीं है, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारकर दिखा रही है। कालसी क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार और बेहतर विपणन मिलेगा। होमस्टे और होटल विकसित होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और परिवर्तन की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है और प्राचीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

विपक्ष पर मुख्यमंत्री का तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में मंदिरों और घाटों के निर्माण की दिशा में पर्याप्त काम नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और मंदिर-घाटों के निर्माण का काम कर रही है तो विपक्ष सवाल खड़े कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पिछले साढ़े चार वर्षों से लगातार सुझाव मांग रही थी, लेकिन अब चुनाव नजदीक आते ही विपक्ष को त्योहार और धार्मिक मुद्दे याद आने लगे हैं। उन्होंने हल्द्वानी की एक घटना का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर मामले को अलग रंग देने का आरोप भी लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को मजबूत करने के साथ विकास की गति को भी तेज कर रही है। कालसी-हरिपुर में विकसित हो रही सुविधाएं आने वाले समय में क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगी।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185