आईआईटी रुड़की में दो दिन गूंजेगा ज्ञान, सुरक्षा और तकनीक का संदेश!
2,701 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और रक्षा क्षेत्र के दिग्गज करेंगे युवाओं को संबोधित
विशेष संवाददाता | आसिफ खान
रुड़की । भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की में 19 और 20 सितंबर 2026 को दीक्षांत समारोह-2026 का भव्य आयोजन होगा। दो दिवसीय समारोह में 2,701 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा, प्रौद्योगिकी और उद्योग जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उन्हें संबोधित करेंगी।
दीक्षांत समारोह को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बार समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है।
पहले दिन यूजी विद्यार्थियों को डिग्री, अजित डोभाल होंगे मुख्य अतिथि
19 सितंबर को समारोह का पहला दिन स्नातक यानी यूजी विद्यार्थियों के नाम रहेगा। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित कुमार डोभाल, केसी मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। वहीं जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ एवं सचिव, डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स, विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।
राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र की इन महत्वपूर्ण हस्तियों की मौजूदगी से समारोह में विद्यार्थियों के लिए देश की सुरक्षा, तकनीकी क्षमता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण संदेश मिलने की उम्मीद है।
20 सितंबर को पीजी और पीएच.डी. विद्यार्थियों की बारी
दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन 20 सितंबर को स्नातकोत्तर और पीएच.डी. विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इस दिन हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे, जबकि डॉ. कपिल गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
समारोह की अध्यक्षता अधिवक्ता हरीश साल्वे, पूर्व सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया एवं अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, आईआईटी रुड़की करेंगे।
‘डिग्री से आगे राष्ट्र निर्माण’ पर जोर
निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, लगन और उपलब्धियों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की से हासिल ज्ञान, उत्कृष्टता और नवाचार की भावना को विद्यार्थी अपने कार्यक्षेत्र में आगे ले जाएं और समाज तथा राष्ट्र के विकास में योगदान दें।
प्रेस वार्ता के दौरान दीक्षांत समारोह-2026 का प्रचार वीडियो भी लॉन्च किया गया। समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो पाने वाले लोग आईआईटी रुड़की के आधिकारिक YouTube चैनल पर सीधा प्रसारण देख सकेंगे।