अस्पतालों की बदहाल व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त!
मरीज-तीमारदारों को मिलेगी बेहतर सुविधा, मेला अस्पताल के आसपास अतिक्रमण पर चलेगा अभियान
हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान
हरिद्वार | 16 सितम्बर 2026
हरिद्वार के सरकारी अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट रोशनाबाद स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय, चैन राय जिला महिला चिकित्सालय और मेला (उप जिला) चिकित्सालय की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में अस्पतालों की व्यवस्थाओं, बजट प्रस्तावों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मरीजों के बैठने की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी तरह की परेशानी न हो। अस्पतालों में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ चिकित्सा सुविधाओं में लगातार सुधार किया जाए।
उन्होंने आवश्यक चिकित्सा उपकरण, औषधि, रसायन और सर्जिकल सामग्री की नियमानुसार उचित दरों पर खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पतालों में इलाज के दौरान मरीजों को आवश्यक सामग्री के लिए परेशान न होना पड़े।
मेला अस्पताल की व्यवस्था सुधारने पर जोर
मेला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अस्पताल भवन में रंग-रोगन, रेलिंग, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन उपकरणों की मरम्मत सहित सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई से संबंधित आवश्यक उपकरणों के लिए एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया।
अस्पताल के आसपास अतिक्रमण पर सख्ती
मेला अस्पताल के आसपास और अस्पताल वाली सड़क के दोनों ओर फैले अतिक्रमण को हटाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में आवागमन बाधित न हो और मरीजों व तीमारदारों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
कूड़ा फेंकने वालों पर लगेगा जुर्माना
अस्पताल परिसर और आसपास गंदगी फैलाने वालों को भी जिलाधिकारी ने चेतावनी दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर अथवा आसपास कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाए। साफ-सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों पर चर्चा
बैठक में प्रमुख अधीक्षक एवं चिकित्सा प्रबंधन समिति के सचिव डॉ. राजेश गुप्ता ने जिला महिला चिकित्सालय और जिला चिकित्सालय से संबंधित बजट प्रस्तावों का एजेंडा एवं विवरण प्रस्तुत किया। वहीं मेला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक शशिकांत ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत बजट प्रस्तावों से संबंधित जानकारी रखी।
जिलाधिकारी ने अस्पतालों की जरूरतों के अनुरूप व्यवस्थाओं को मजबूत करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में लोकसभा सांसद हरिद्वार के प्रतिनिधि बृजेश कुमार गुप्ता, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि राकेश शर्मा, विधायक हरिद्वार के प्रतिनिधि राजेश जोशी, नगर निगम हरिद्वार के मेयर प्रतिनिधि एवं पार्षद सचिन प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, डॉ. नरेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।