ब्रेकिंग
ब्रेकिंग उत्तराखंड

नजूल भूमि से लेकर अवैध कॉलोनियों तक HRDA का बड़ा वार!

रूड़की में अनधिकृत प्लॉटिंग और निर्माण पर गरजी जेसीबी,नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप नजूल भूमि पर निर्माण से लेकर 5-6 बीघे की अनधिकृत कॉलोनी तक शिकंजा—पहले निर्देश, फिर ध्वस्तीकरण

सिविल लाइन मे नजुल भूमि पर निर्माण को सील करती प्राधिकरण की टीम

रूडकी संवाददाता | आसिफ खान

रूड़की। रूड़की क्षेत्र में अनधिकृत कॉलोनियां काटकर जमीन का विकास करने वालों से लेकर नजूल भूमि पर निर्माण करने वालों तक के खिलाफ हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने कड़ा रुख अपना लिया है। प्राधिकरण की कार्रवाई में नजूल भूमि पर किए जा रहे निर्माण से लेकर कई स्थानों पर चल रही अनधिकृत प्लॉटिंग और स्वीकृत मानचित्र से विचलन के मामलों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया। लगातार निर्देशों के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं करने पर प्राधिकरण की जेसीबी मौके पर पहुंची और अनधिकृत विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया।

HRDA की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया कि बिना अनुमति जमीन का विकास करने और निर्माण नियमों को ताक पर रखने वालों की मनमानी अब नहीं चलेगी।

नजूल भूमि पर निर्माण को लेकर भी HRDA का शिकंजा

सिल्वर सिटी के सामने वाली गली, मकान संख्या 1559/1बी, श्यामकुंज, 32 सिविल लाइन, रूड़की में रतन अग्रवाल एवं रचित अग्रवाल द्वारा लगभग 70×30 फीट क्षेत्र में नजूल भूमि पर निर्माण कार्य किया जा रहा था।

नजूल भूमि से जुड़े इस निर्माण को प्राधिकरण ने गंभीरता से लिया और इसे नियमानुसार कार्रवाई के दायरे में शामिल किया। प्राधिकरण की कार्रवाई से स्पष्ट है कि नजूल भूमि पर भी बिना वैध अनुमति किए जा रहे निर्माण को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

3 से 4 बीघे में कॉलोनी, HRDA ने कसा शिकंजा

हरि आश्रय-14, शांतरशाह, रूड़की में आशीष विरमानी द्वारा लगभग 3 से 4 बीघा भूमि में कॉलोनी निर्माण का विकास कार्य किया गया था। प्राधिकरण द्वारा मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

वहीं सहदेवपुर रोड, शांतरशाह-पतंजलि में गर्ग/हितबद्ध व्यक्ति द्वारा लगभग 5 से 6 बीघे में कॉलोनी काटने का विकास कार्य किया जा रहा था। अनधिकृत विकास कार्यों को लेकर प्राधिकरण ने कार्रवाई की।

स्वीकृत नक्शे से विचलन पर भी नहीं मिली छूट

इवारा पार्क लैंड के सामने एवं प्रकाश के बगल में, इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के निकट, कोर-मंगलौर बाईपास पर जुल्फकार, फुरकान, इरशाद, हनीफ आदि द्वारा स्वीकृत मानचित्र संख्या HRDA/NC/0015/25-26 से विचलन करते हुए निर्माण कार्य किया जा रहा था।

प्राधिकरण ने स्वीकृत मानचित्र से विचलन के मामले को भी गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की।

सिविल लाइन से जादूगर रोड तक कार्रवाई की गूंज

भाटिया शोरूम के बगल वाली गली, सिविल लाइन, रूड़की में सुबोध कुमार द्वारा करीब 30×30 फीट क्षेत्र में निर्माण किया जा रहा था।

वहीं जादूगर रोड, रूड़की में कमलेश द्वारा लगभग 30×65 फीट क्षेत्र में आवासीय भवन का निर्माण किया जा रहा था। दोनों मामलों को भी प्राधिकरण की कार्रवाई के दायरे में लिया गया।

पहले निर्देशों की अनदेखी, फिर चला HRDA का बुलडोजर

प्राधिकरण द्वारा उक्त सभी अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित किए गए थे। संबंधित निर्माणकर्ताओं को स्थल पर निर्माण कार्य बंद करने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद जब निर्माण कार्य बंद नहीं हुआ तो प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से अनधिकृत प्लॉटिंग एवं विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया।

मौके पर उपस्थित निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण या विकास कार्य न किया जाए।

उपाध्यक्ष सोनिका का सख्त संदेश—नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों, बिना स्वीकृति निर्माण और नियम विरुद्ध विकास कार्यों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में प्रभावी निगरानी रखने और अनधिकृत गतिविधियां सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्य निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही होने चाहिए। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

अधीक्षण अभियंता राजन सिंह—निर्देश के बाद भी निर्माण तो कार्रवाई तय

प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता राजन सिंह ने कहा कि अनधिकृत निर्माण और प्लॉटिंग के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संबंधित लोगों को निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के बावजूद कार्य जारी रहने पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना प्लॉटिंग या निर्माण करना नियमों के अनुरूप नहीं है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

सहायक अभियंता टी.एस. पंवार—मौके पर पहुंची टीम, ध्वस्त किए विकास कार्य

सहायक अभियंता टी.एस. पंवार ने बताया कि संबंधित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निर्देशों के बावजूद जहां अनधिकृत विकास कार्य जारी मिले, वहां नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जेसीबी की सहायता से ध्वस्तीकरण किया गया।

अवर अभियंता प्रभात सिंह—अनधिकृत गतिविधियों पर लगातार निगरानी

अवर अभियंता प्रभात सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण एवं प्लॉटिंग की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थलीय निरीक्षण में नियम विरुद्ध कार्य पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

अवर अभियंता रिया सैनी—स्वीकृत मानचित्र से विचलन पर भी सख्ती

अवर अभियंता रिया सैनी ने कहा कि निर्माणकर्ताओं को स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण करना चाहिए। बिना स्वीकृति निर्माण या स्वीकृत मानचित्र से विचलन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

HRDA का दो टूक संदेश—नजूल भूमि हो या निजी जमीन, नियम सबसे ऊपर!

रूड़की में हुई कार्रवाई से प्राधिकरण ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि नजूल भूमि पर अनधिकृत निर्माण, बिना स्वीकृति कॉलोनी विकसित करना, अवैध प्लॉटिंग करना अथवा स्वीकृत मानचित्र से विचलन करना अब आसान नहीं होगा।

पहले कानूनी प्रक्रिया और निर्देश, फिर भी मनमानी जारी रही तो मौके पर ध्वस्तीकरण—HRDA की कार्रवाई ने अनधिकृत निर्माणकर्ताओं को साफ संदेश दे दिया है कि रूड़की में नियमों से खिलवाड़ की कोई जगह नहीं है।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185