हरिद्वार में ‘हर घर जल’ की रफ्तार तेज!
2.41 लाख परिवारों तक पहुंचा नल का पानी, 458 गांव हुए ‘हर घर जल’ प्रमाणित 505 पेयजल योजनाओं में 430 पूरी—बाकी योजनाओं को समयसीमा में पूरा करने के सीडीओ के सख्त निर्देश
हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में जल जीवन मिशन को लेकर प्रशासन ने रफ्तार और तेज कर दी है। विकास भवन, रोशनाबाद में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पेयजल योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया। बैठक में अधिकारियों के आंकड़ों ने जिले में ‘हर घर जल’ अभियान की प्रगति की तस्वीर साफ कर दी।
अधिकारियों के अनुसार जनपद में कुल 2,49,092 परिवारों के सापेक्ष अब तक 2,41,513 परिवारों को घरेलू जल संयोजन उपलब्ध कराया जा चुका है। यानी जिले के 96.96 प्रतिशत परिवारों तक जल संयोजन पहुंच चुका है। शेष पात्र परिवारों को भी जल्द पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
458 गांवों में पूरा हुआ मिशन का काम
जल जीवन मिशन के तहत जनपद के कुल 473 राजस्व ग्रामों में से 458 गांवों में समस्त कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। इन गांवों का ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण भी किया जा चुका है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में प्रशासन की प्रगति सामने आई है।
505 योजनाओं में 430 पूरी, बाकी पर निगरानी
बैठक में बताया गया कि जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कुल 505 पेयजल योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें से 430 योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष योजनाओं पर काम तेजी से जारी है।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
‘हर पात्र परिवार तक पहुंचे स्वच्छ पानी’
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। इसलिए शेष कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और योजनाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए।
बैठक में जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी गम्भीर सिंह तोमर, अधिशासी अभियंता उत्तराखण्ड जल संस्थान विपिन चौहान, अधीक्षण अभियंता यशवीर मल्ल, जिला पंचायती राज अधिकारी एम.एम. खान, अधिशासी अभियंता जल निगम सुधीर कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
**STAR NEWS 11 की खास नजर
2,41,513 परिवारों को जल संयोजन | 96.96% कवरेज | 458 गांव ‘हर घर जल’ प्रमाणित | 505 योजनाएं स्वीकृत | 430 योजनाएं पूर्ण**