विश्वकर्मा दिवस पर बिशंबर सहाय ग्रुप में भव्य आयोजन, सृजन-कौशल और कर्म का गूंजा संदेश!
भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना, विशाल भंडारे में उमड़े विद्यार्थी और क्षेत्रवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस भी उत्साह से मनाया, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना
हरिद्वार-रुड़की संवाददाता | आसिफ खान
रुड़की। बिशंबर सहाय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, रुड़की, संचालित रूप चंद शर्मा एजुकेशन ट्रस्ट के परिसर में विश्वकर्मा दिवस श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में धार्मिक आस्था के साथ भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अन्य उपस्थित लोगों ने पूजा में भाग लेकर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा संस्थान की निरंतर प्रगति, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर संस्थान परिसर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान विश्वकर्मा के जीवन, सृजन, निर्माण, शिल्प, तकनीकी दक्षता और कर्म के महत्व का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में भगवान विश्वकर्मा से जुड़ा सृजन, कौशल और कर्म का संदेश युवाओं के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक है। शिक्षा के साथ कौशल, मेहनत और अपने कार्य के प्रति ईमानदारी ही युवाओं को सफलता की ओर ले जाती है।
पीएम मोदी के जन्मदिवस पर दी शुभकामनाएं
विश्वकर्मा दिवस के आयोजन के साथ संस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड प्रदेश संयोजक, व्यावसायिक प्रकोष्ठ सौरभ भूषण शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान वक्ताओं ने युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद
आयोजन के दौरान संस्थान की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। इसमें संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे को लेकर संस्थान परिसर में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के दौरान अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ प्रसाद वितरण किया गया।
संस्थान से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना भी जरूरी है। इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के भीतर सेवा, सहयोग, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं।
‘विश्वकर्मा दिवस हमें कर्म के प्रति समर्पण की देता है प्रेरणा’
संस्थान के सचिव चंद्रभूषण शर्मा ने विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण, तकनीकी दक्षता और कर्म के प्रतीक हैं। विश्वकर्मा दिवस हमें अपने कार्य के प्रति समर्पित रहने, ईमानदारी से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए केवल किताबी शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने कौशल को विकसित करते हुए मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच को भी जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। यही गुण भविष्य में उन्हें अपने परिवार, समाज और देश के लिए बेहतर योगदान देने में सक्षम बनाते हैं।
‘कौशल और परिश्रम से मजबूत होगा आत्मनिर्भर भारत का सपना’
कोषाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की पूजा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निर्माण, कौशल, परिश्रम और आत्मनिर्भरता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों में अपार क्षमता है और देश की प्रगति में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अपने कौशल को निखारने और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
‘शिक्षा के साथ संस्कृति और संस्कार से विद्यार्थियों को जोड़ना हमारा संकल्प’
मैनेजिंग डायरेक्टर गौरव भूषण शर्मा ने कहा कि बिशंबर सहाय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कार, परंपराओं और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की शिक्षा देना नहीं है, बल्कि उनमें अच्छे संस्कार, सामाजिक चेतना और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना भी है। विश्वकर्मा दिवस जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझने तथा उनका सम्मान करने का अवसर प्रदान करते हैं।
पूजा-अर्चना से भंडारे तक उत्साह का माहौल
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया और सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान संस्थान परिसर में श्रद्धा, उत्साह, भाईचारे और सौहार्द का वातावरण बना रहा। पूजा-अर्चना से लेकर भंडारे तक विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर दिवाकर जैन, शहज़ेब आलम, विशाल सैनी, सुधीर सैनी, जहांगीर आबाद, प्रणव शर्मा, विकेट सिंह, तनु, रुचि सोनी, जितेंद्र सिंह, शाहीन सहित संस्थान के अध्यापक-अध्यापिकाएं, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।