ब्रेकिंग
ब्रेकिंग हरिद्वार

बिजली चोरी पर विद्युत विभाग का बड़ा प्रहार, 115 मामले पकड़े

कटिया से लेकर मीटर में छेड़छाड़ तक का खेल! सुबह-सुबह हीटर पर बन रहा था खाना, संयुक्त चेकिंग अभियान से मचा हड़कंप

रुड़की संवाददाता | आसिफ खान

विद्युत चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को मंगलौर, झबरेड़ा और लंढौरा क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। विजिलेंस टीम के अधिशासी अभियंता अरुण कांत के नेतृत्व में विद्युत विभाग की विभिन्न टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी कर ग्रामीण विद्युत वितरण क्षेत्र में कुल 115 विद्युत चोरी के मामले पकड़े।

विभाग के अनुसार, चेकिंग के दौरान कई स्थानों पर लोग डायरेक्ट कटिया डालकर, जबकि कुछ जगहों पर मीटर से पहले केबल में कट लगाकर बिजली का उपयोग करते पाए गए। सुबह के समय चोरी की बिजली से हीटर चलाकर खाना बनाए जाने की स्थिति भी सामने आई। अचानक टीम के पहुंचने और कार्रवाई शुरू होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विभाग के मुताबिक, आनन-फानन में कुछ लोगों ने अवैध केबल खींचकर हटाने का प्रयास भी किया।

कई इलाकों में एक साथ चला अभियान

संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान टांडा भंनेड़ा, हरचंदपुर, निजामपुर, शेरपुर खेलमऊ और कोटवाल सहित संबंधित क्षेत्रों में विद्युत चोरी की जांच की गई। विभाग के अनुसार अभियान में कुल 115 विद्युत चोरी के मामले पकड़े गए।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि चोरी करते पकड़े गए व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि बिजली चोरी के खिलाफ आने वाले दिनों में भी लगातार सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

विजिलेंस टीम के साथ कई उपखण्डों की टीमें मैदान में

अभियान में विजिलेंस के अधिशासी अभियंता अरुण कांत, उपखण्ड अधिकारी अनुभव सैनी (मंगलौर), अश्विनी कुमार (धनौरी), सजल हटवाल (भगवानपुर), मोहम्मद रिजवान (झबरेड़ा), राम कुमार कौशिक (लंढौरा) सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

इसके अलावा सहायक अभियंता विजिलेंस धनंजय सिंह, अजय सेमवाल, विकास कुमार और अनिल, अवर अभियंता विकास, सतीश कुमार, प्रशांत सैनी, शिवम, अभिषेक, देवेंद्र शर्मा, अशोक कुमार, विनोद कुमार और संजना, अवर अभियंता विजिलेंस अनिता काला और सपना, इंस्पेक्टर मारुत साह, सरिता शाह, सब इंस्पेक्टर संजीव त्यागी तथा पुलिस बल अभियान में शामिल रहा।

बिजली चोरी पर अब और सख्ती के संकेत

विद्युत विभाग का कहना है कि बिजली चोरी के कारण विद्युत व्यवस्था पर अनावश्यक अतिरिक्त भार पड़ता है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। विभाग ने उपभोक्ताओं से बिजली का उपयोग आवश्यकता के अनुसार और सावधानीपूर्वक करने की अपील की है।

विभाग के अनुसार उपभोक्ताओं को 24×7 निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं के सहयोग से ही विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सकता है।

115 मामले सामने आने के बाद विभाग ने साफ कर दिया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और चोरी में पकड़े जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185