दीपावली से पहले ज्वालापुर में प्रशासन का सख्त एक्शन, पटाखा गोदामों पर छापा और फुटपाथों से हटवाया अतिक्रमण
सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, पटाखा कारोबारियों को दो टूक चेतावनी; पीली पट्टी के बाहर सामान रखा तो होगी कार्रवाई!
**हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान
हरिद्वार।** दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही हरिद्वार प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने ज्वालापुर क्षेत्र में पटाखों के गोदामों एवं दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई। वहीं, बाजारों में सड़क और फुटपाथ पर कब्जा जमाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया गया।
दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण में लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने पटाखा कारोबारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित मानकों के विपरीत पटाखों का भंडारण अथवा बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आग से बचाव के इंतजामों की परखी हकीकत
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि ने पटाखा दुकानों एवं गोदामों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बाजारों में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए अग्निशमन यंत्र निरीक्षण के दौरान सही स्थिति में पाए गए।
अधिकारियों ने दुकानदारों को केवल अग्निशमन उपकरण रखने तक सीमित न रहने, बल्कि आपात स्थिति में उनका सही इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। नगर मजिस्ट्रेट ने अग्निशमन यंत्रों के संचालन की जानकारी देते हुए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया, ताकि आग लगने की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने साफ किया कि पटाखों का भंडारण और बिक्री निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही होनी चाहिए। दुकानें भी प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही संचालित की जाएं।
फुटपाथ पर कब्जा करने वालों को चेतावनी, पीली पट्टी के भीतर ही रखना होगा सामान
पटाखा दुकानों के निरीक्षण के साथ ही प्रशासनिक टीम ने ज्वालापुर के बाजारों में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की। सड़क किनारे दुकानों का सामान फैलाकर आवागमन बाधित करने वालों को हटवाया गया।
व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित पीली पट्टी के भीतर ही रखें। फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण करने से आमजन को परेशानी होती है और बाजारों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने के मद्देनजर सड़क और फुटपाथ को खाली रखना बेहद जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा में लापरवाही पड़ी भारी तो होगी कार्रवाई
नगर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और पटाखा कारोबारियों से अपील की कि वे दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और बाजारों में सुगम आवागमन बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान, एसआई हर्ष अरोड़ा, चौकी इंचार्ज विपिन कुमार, पुष्कर चौहान सहित पुलिस बल मौजूद रहा।