ब्रेकिंग
ब्रेकिंग हरिद्वार

हरिद्वार में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग का हंटर, 127 चालान!

ओवरस्पीडिंग से लेकर बिना हेलमेट तक पर शिकंजा, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस की अनदेखी करने वालों पर भी कार्रवाई

**हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान

हरिद्वार।** सड़क पर मनमानी करने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं! यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर दौड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न यातायात उल्लंघनों में 67 चालान किए गए, जबकि ओवरस्पीडिंग के मामलों में 60 चालान काटे गए। इस तरह विभाग ने कुल 127 चालान कर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई का शिकंजा कस दिया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में सड़क सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वालों पर विशेष नजर

चेकिंग अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का प्रयोग नहीं करने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट नहीं लगाने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के चालान किए गए।

तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर विभाग की सख्ती साफ नजर आई। ओवरस्पीडिंग के 60 चालान किए जाने से यह स्पष्ट है कि सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वालों को अब बख्शने के मूड में विभाग नहीं है।

परमिट और दस्तावेजों में लापरवाही पर भी कार्रवाई

व्यावसायिक वाहनों की जांच के दौरान भी कई तरह की अनियमितताओं पर कार्रवाई की गई। वैध परमिट के बिना वाहन संचालन, कर भुगतान के प्रमाण प्रस्तुत नहीं करने तथा उत्तराखंड प्रवेश उपकर से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए।

इसके अलावा यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और प्रभावी ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाने के मामलों में भी कार्रवाई दर्ज की गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले व्यावसायिक वाहन संचालकों के विरुद्ध भी सख्ती जारी रहेगी।

सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी

अभियान में परिवहन कर अधिकारी रविन्द्र पाल सैनी तथा परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और तेज गति से चलने वाले वाहनों पर विशेष ध्यान दिया गया।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी हेलमेट पहने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। व्यावसायिक वाहन संचालकों को वैध परमिट, कर भुगतान और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही वाहन संचालन करने की हिदायत दी गई है।

विभाग का स्पष्ट संदेश है कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वाहन चालकों की लापरवाही न केवल उनकी अपनी जान को खतरे में डालती है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनती है। सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन जरूरी है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185