त्योहारी सीजन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट! कुट्टू आटे की गुणवत्ता और कारोबार पर व्यापारियों को सख्त हिदायत
नवरात्रि से पहले रुड़की में जागरूकता बैठक, निर्माण से लेकर भंडारण और बिक्री तक खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर लाइसेंस-पंजीकरण, लेबलिंग और FoSCoS पोर्टल की प्रक्रिया समझाई; अधिकारियों ने व्यापारियों की शंकाओं का किया समाधान
हरिद्वार/रुड़की संवाददाता | आसिफ खान
रुड़की। नवरात्रि पर्व और त्योहारी सीजन से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। कुट्टू के आटे की शुद्धता, सुरक्षित भंडारण और नियमों के अनुरूप बिक्री सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रुड़की में व्यापारियों के लिए जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य कारोबार में निर्धारित मानकों का पालन करना जरूरी है। व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा कानून, लाइसेंस-पंजीकरण, पैकेजिंग और लेबलिंग से जुड़े प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में 9 अक्टूबर 2026 को होटल दीप रेजीडेंसी, रुड़की में आयोजित इस बैठक में व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों, थोक विक्रेताओं, डिस्ट्रीब्यूटरों और खुदरा कारोबारियों ने प्रतिभाग किया।

कुट्टू के आटे की गुणवत्ता पर विशेष जोर
उपायुक्त गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए त्योहारी सीजन में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कुट्टू के आटे के निर्माण, विक्रय और भंडारण के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों को विस्तार से समझाया। साथ ही व्यापारियों की विभिन्न शंकाओं का मौके पर समाधान भी किया।
बैठक में खाद्य कारोबारियों को बताया गया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना, सुरक्षित भंडारण करना और निर्धारित नियमों के अनुसार उत्पादों की बिक्री करना उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
निर्माण से बिक्री तक लेबलिंग की जानकारी
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कुट्टू के आटे के निर्माण से लेकर बाजार में बिक्री तक खाद्य पैकेट पर अंकित की जाने वाली आवश्यक जानकारियों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने पूर्व में सामने आई घटनाओं से जुड़े तथ्यों को भी साझा किया, ताकि कारोबारी खाद्य सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।
लाइसेंस से ऑनलाइन जांच तक समझाए नियम

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय, दिलीप जैन और कपिल देव ने खाद्य कारोबार के लिए आवश्यक लाइसेंस एवं पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई। अधिकारियों ने FoSCoS पोर्टल के माध्यम से खाद्य पदार्थों के लेबल की ऑनलाइन जांच, प्रवर्तन कार्रवाई तथा ऑनलाइन निरीक्षण से संबंधित जानकारी भी दी।
बैठक का संचालन FSSAI के ट्रेनिंग एवं आउटरीच पार्टनर आशीष भार्गव ने किया।
व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
इस अवसर पर व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि धीरसिंह, रामगोपाल कसल, कवीश मित्तल, रुड़की डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल स्नेही, महामंत्री सुशील गुलाटी, मुख्य सलाहकार संजीव आहूजा, प्रदेश महामंत्री नितिन शर्मा और प्रवीण मेहंदीरत्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा पर बढ़ी सतर्कता

नवरात्रि के दौरान कुट्टू के आटे सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, उचित लेबलिंग और लाइसेंस-पंजीकरण संबंधी नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और खाद्य कारोबार में नियमों के पालन को बढ़ावा देना है।