ब्रेकिंग
ब्रेकिंग रूडकी आस पास

IIT रुड़की के थॉम शो में किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर भाई पर हमला!

होटल पोलरिस के पास भाई-बहन को घेरकर मारपीट, पिस्टल दिखाकर धमकाने का भी आरोप; पुलिस मुकदमा दर्ज कर करेगी कार्रवाई

रुड़की संवाददाता | आसिफ खान

रुड़की। आईआईटी रुड़की में आयोजित थॉम शो से लौट रहे भाई-बहन के साथ मारपीट और किशोरी से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि शो के दौरान कुछ युवकों ने नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ की। जब उसके भाई ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसे धमकी दी। आरोप है कि देर शाम होटल पोलरिस के समीप युवकों ने भाई-बहन को रोककर उनके साथ मारपीट की और पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया। घटना ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में युवतियों की सुरक्षा और मनचलों की कथित दबंगई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विरोध किया तो शुरू कर दी मारपीट!

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग बेटी अपने भाई के साथ आईआईटी रुड़की में आयोजित थॉम शो देखने गई थी। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों ने किशोरी के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया। भाई ने जब इसका विरोध किया तो युवकों ने उसे देख लेने की धमकी दी।

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, देर शाम जब भाई-बहन आईआईटी परिसर से बाहर निकले तो होटल पोलरिस के समीप कथित तौर पर पहले से मौजूद युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों के साथ मारपीट की गई। आरोप यह भी है कि किशोरी के साथ अश्लील हरकतें की गईं और विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर धमकाया गया।

किसी तरह बचकर निकले भाई-बहन, घायल किशोर अस्पताल पहुंचा

आरोप है कि हमले के दौरान भाई-बहन ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। मारपीट में घायल किशोर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा

मामले में सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि किशोरी से युवकों द्वारा कुछ कहे जाने पर उसके भाई ने विरोध किया था, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब पुलिस की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। आरोपों की निष्पक्ष जांच, घटना में शामिल युवकों की पहचान और पिस्टल दिखाकर धमकाने के आरोप की पड़ताल अहम होगी। फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी और संबंधित पक्षों का दोष कानून के अनुसार तय होगा।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185