ब्रेकिंग
ब्रेकिंग शासन प्रशासन

बहादराबाद में कल लगेगा ‘जनता का शिविर’, मौके पर निपटेंगी समस्याएं!

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत प्रशासन की बड़ी पहल—पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, अधिकारियों के सामने रख सकेंगे अपनी समस्याएं

हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान

हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम को धरातल पर उतारते हुए प्रशासन की ओर से 22 सितंबर 2026 को विकास खंड बहादराबाद में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। क्षेत्रीय जनता अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेगी और विभागीय स्तर पर संभव शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।

खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजनाएं, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही क्षेत्रवासियों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने बहादराबाद विकास खंड क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील की है। लोगों से अपनी समस्याओं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया है।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185