ब्रेकिंग
ब्रेकिंग राजनीति

युवा शक्ति पर धामी सरकार का फोकस, रोजगार से आत्मनिर्भरता तक बड़ा दावा

राज्य मंत्री सुनील सैनी बोले—युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर देना सरकार की प्राथमिकता

हरिद्वार संवाददाता | आसिफ खान

हरिद्वार। उत्तराखंड के युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को धामी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में नया विजन, बेहतर सोच और कुछ कर गुजरने का जुनून है। यही युवा शक्ति आने वाले समय में प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी ताकत बनेगी।

राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही युवाओं के लिए लगातार काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड भले ही एक पर्वतीय राज्य है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने बहुत बड़े हैं। आज की Gen-G केवल सपने नहीं देख रही, बल्कि उन्हें पूरा करने का साहस भी रखती है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी में कोई वैज्ञानिक बनेगा, कोई शिक्षक, खिलाड़ी, नेता या अभिनेता बनकर प्रदेश के विकास में योगदान देगा। युवाओं के भीतर अलग-अलग विशेषताएं हैं और उनकी जिज्ञासा, ऊर्जा तथा प्रतिभा को सही दिशा देने की जरूरत है।

35 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का दावा

सुनील सैनी ने कहा कि धामी सरकार अब तक करीब 35 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे चुकी है। उन्होंने बताया कि देहरादून में आयोजित रोजगार मेले में भी 249 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। सरकार का उद्देश्य हर वर्ग के युवा को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए निशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उनका कहना था कि रोजगार और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर दिया जा रहा है और योग्यता के आधार पर भर्तियां सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

‘युवा हमारी ताकत, ऊर्जा राज्यहित में लगाएं’

राज्य मंत्री ने युवाओं से अपनी ऊर्जा को राज्यहित और राष्ट्रहित में लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा उत्तराखंड के विकास में निरंतर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के कंधों पर है और उत्तराखंड की युवा पीढ़ी में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की पूरी क्षमता है।

सुनील सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं के लिए पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ काम किया है और आगे भी इसी दिशा में काम करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब योग्यता के आधार पर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

‘विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प पर जोर

राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड को आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा और सरकार की विकास योजनाओं के समन्वय से प्रदेश नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

सुनील सैनी ने कहा कि युवा और ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपनी प्रतिभा को उत्तराखंड की प्रगति से जोड़ने का आह्वान किया।

न्यूज़ पोर्टल बनवाएं: 75339 28185